

पंडितवाड़ी में राम प्रसाद डोभाल सेवार्थ ट्रस्ट के दंत अस्पताल का उद्घाटन
देहरादून, पंडितवाड़ी। प्रदेश के प्रख्यात हिंदी साहित्यकार एवं कवि स्वर्गीय राम प्रसाद डोभाल की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा स्थापित राम प्रसाद डोभाल सेवार्थ ट्रस्ट के तत्वावधान में पंडितवाड़ी में एक दंत चिकित्सा अस्पताल का शुभारंभ किया गया। अस्पताल का विधिवत उद्घाटन उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और देहरादून महानगर के महापौर सौरभ थपलियाल ने रिबन काटकर किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि लोग अक्सर शरीर की अन्य समस्याओं के बीच दांतों की सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि अस्वस्थ दांत अनेक गंभीर बीमारियों की वजह बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ दांत व्यक्ति को सौ बीमारियों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए दंत स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है।”
उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अब आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों में खराब दांत को तुरंत निकालने के बजाय उसे बचाने पर जोर दिया जाता है। रूट कैनाल, इम्प्लांट और अन्य आधुनिक तकनीकों के जरिए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। धस्माना ने अस्पताल की निदेशिका डॉ. युक्ति डोभाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अस्पताल क्षेत्रवासियों के लिए वरदान साबित होगा और यहां आने वाला हर मरीज स्वस्थ होकर लौटे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महापौर सौरभ थपलियाल ने ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने आशा जताई कि डॉ. युक्ति डोभाल के नेतृत्व में यह पहल न केवल देहरादून बल्कि पूरे उत्तराखंड में दंत स्वास्थ्य जागरूकता और उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वर्गीय राम प्रसाद डोभाल के सुपुत्र अनुज डोभाल ने की। इस मौके पर पंडितवाड़ी के पार्षद अभिषेक तिवारी, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जगदीश धीमान, कांवली के पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर, कमर सिद्दीकी, नागेश रतूड़ी, जितेंद्र जायसवाल, आनंद सिंह पुंडीर, राम कुमार थपलियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Recent Comments