नशा मुक्ति की शपथ के साथ गूंजा एचएनबी विश्वविद्यालय, PM मोदी के संबोधन का हुआ सामूहिक प्रसारण

कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी आयोजित, छात्रों-शिक्षकों ने लिया नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प

श्रीनगर गढ़वाल । हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में शनिवार को “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान के तहत एक भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय परिवार ने नशे के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाई। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MY Bharat) तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति शपथ से हुई, जिसमें शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेटों, एनएसएस स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सामूहिक अवलोकन किया, जिसमें प्रधानमंत्री ने नशे को केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की चुनौती बताया तथा युवाओं से खेल, नवाचार और शिक्षा जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

विचार गोष्ठी में कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने वाले संस्थान नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के केन्द्र भी हैं। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताया। विश्वविद्यालय नोडल अधिकारी प्रो. जे.पी. भट्ट ने अभियान की पृष्ठभूमि और विश्वविद्यालय में चल रही जागरूकता गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट और उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल ने नशे की बढ़ती गंभीरता पर चिंता जताते हुए छात्रों से आगे बढ़कर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रो. एम.एस. नेगी, प्रो. एन.एस. पँवार, प्रो. वाई.पी. रेवानी, कुलसचिव, डॉ. दीपक राणा, डॉ. अंजना रावत सहित कई अन्य शिक्षकों ने भी विचार व्यक्त किए और नशे को पारिवारिक विघटन, अपराध व मानसिक तनाव का प्रमुख कारण बताया।

कार्यक्रम का संचालन माई भारत के संयोजक डॉ. राकेश नेगी ने किया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने “नशा मुक्त भारत–विकसित भारत” के संकल्प को दोहराया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments