देहरादून। स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजधानी के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में छात्राओं के सुरक्षित भविष्य और सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में आज श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल (रेस कोर्स), श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल (तालाब) और सनातन धर्म उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (झंडा बाजार) में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। अभियान के दौरान डॉ. दिनेश चौहान (ACMO/DIO) और देवेंद्र पंवार (DFS) ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन के महत्व और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने छात्राओं को बताया कि HPV वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एक अत्यंत सुरक्षित और प्रभावी उपाय है, जिसे सही समय पर लगवाकर भविष्य में संभावित गंभीर स्वास्थ्य खतरों को टाला जा सकता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों के भीतर स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना रहा। विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि “समय पर टीकाकरण ही स्वस्थ भविष्य की सबसे मजबूत सुरक्षा है।” इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे न केवल स्वयं जागरूक बनें, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी इस सुरक्षा कवच के प्रति जागरूक करें ताकि सर्वाइकल कैंसर मुक्त भविष्य का सपना साकार हो सके।

Recent Comments