उत्तराखंड कांग्रेस की महिला नेत्री गरिमा मेहरा दसौनी ने किया उत्तराखंड वर्चुअल बाजार (यूवीबी ) के उड़ान फेस्ट के सातवें अध्याय का उद्घाटन।
देहरादून। इस अवसर पर दसौनी ने लीची बाग में आयोजित उड़ान फेस्ट की आयोजक टीम,वहां उपस्थित सभी महिला उद्यमी, कारीगर बहनों, कलाकार, स्टार्टअप से जुड़ी महिलाएँ को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यूवीबी उड़ान फेस्ट – अध्याय 7 के इस प्रेरणादायी मंच का उद्घाटन करते हुए अत्यंत प्रसन्नता और गर्व का अनुभव हो रहा है।
गरिमा ने कहा कि आज हम ऐसे दौर में खड़े हैं जहाँ महिला सशक्तिकरण केवल चर्चा का विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत बन चुका है।जब महिला आत्मनिर्भर होती है, तो केवल वह स्वयं नहीं, बल्कि पूरा परिवार, समाज और राज्य सशक्त होता है।गरिमा ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएँ हमेशा से आत्मनिर्भर रही हैं। चाहे खेतों की जिम्मेदारी हो, चाहे परिवार को संजोने का संघर्ष,
या फिर पहाड़ की कठिन परिस्थितियों में जीवन को आगे बढ़ाने का साहस
उत्तराखंड की महिला हर मोर्चे पर मजबूत रही है।
दसौनी ने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज वही महिलाएँ कारीगर से उद्यमी, हुनर से ब्रांड,और संघर्ष से सफलता की ओर उड़ान भर रही हैं।
यूवीबी उड़ान फेस्ट केवल एक प्रदर्शनी नहीं है। यह पहचान का मंच है।
यह आत्मविश्वास का मंच है। यह उस महिला के सपने का मंच है, जिसने घर की चारदीवारी के भीतर अपने हुनर को सहेज कर रखा था और आज उसे बाज़ार से जोड़ने का अवसर मिला है।यहाँ हस्तशिल्प है, हथकरघा है, जैविक उत्पाद हैं, फैशन, कला, संस्कृति और स्टार्टअप की नई सोच है और सबसे महत्वपूर्ण बात इन सबके पीछे महिला नेतृत्व है। यही नए भारत और नए उत्तराखंड की असली तस्वीर है। इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री दसौनी ने सभी उद्यमियों को उनके स्टाल पर जाकर सर्टिफिकेट वितरित किए।
दसौनी ने यूवीबी उड़ान फेस्ट की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि
यूवीबी ने महिला सशक्तिकरण को केवल शब्दों में नहीं, बल्कि ज़मीन पर उतारने का कार्य किया है।ऐसे आयोजनों से ही आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की नींव मजबूत होती है।अंत में, गरिमा ने आमजन से भी अपील करी कि स्थानीय उत्पादों को अपनाएँ,महिला उद्यमियों का समर्थन करें और इस दो दिवसीय महोत्सव का हिस्सा बनें।

Recent Comments