आईजी राजीव स्वरूप और वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली सुरक्षा की कमान; वीवीआईपी दौरे को लेकर देहरादून पुलिस ने फूंका बिगुल

23 अप्रैल के प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम से पहले पुलिस लाइन में हुई व्यापक ब्रीफिंग, ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध

देहरादून। जनपद देहरादून में 23 अप्रैल को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप और एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ब्रीफिंग में अधिकारियों ने ड्यूटी पर नियुक्त सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय से तीन घंटे पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें, प्रभारी अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लें और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच कर लें। सभी कर्मियों को पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड साथ रखने के भी निर्देश दिए गए।

उच्चाधिकारियों ने नोडल अधिकारियों को सादे और वर्दी में तैनात पूरे पुलिस बल की पहचान सुनिश्चित करने, ड्यूटी कार्ड जांचने और सभी को जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से ब्रीफ करने को कहा। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारी किसी एक स्थान पर अनावश्यक रूप से एकत्रित न हों।

वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और रूट के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने, हाईराइज बिल्डिंगों में रहने वालों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने तथा पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और अन्य संवेदनशील स्थलों की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड से जांच कराने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन और विधिवत फ्रिस्किंग अनिवार्य की गई है।

मुख्य कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों और वाहनों को ही कड़ी जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा। आमजन के प्रवेश और निकासी बिंदुओं पर डीएफएमडी और एचएचएमडी के जरिए सख्त जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बैरिकेडिंग के ऊपर कोई व्यक्ति खड़ा न हो और कार्यक्रम समाप्ति के बाद भीड़ को संयमित तरीके से बाहर निकाला जाए, ताकि भगदड़ जैसी स्थिति न बनने पाए।

ब्रीफिंग में यह भी साफ किया गया कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा और बिना सूचना ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वीवीआईपी भ्रमण के दौरान कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी व्यक्ति को उक्त क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा वीआईपी, आमजन और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के वाहनों को केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाएगा, ताकि मुख्य मार्ग पर किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में धर्मशालाओं, होटलों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप अपर सचिव गृह/एसएसपी फायर तृप्ति भट्ट, एसएसपी अपराध एवं कानून व्यवस्था रामचंद राजगुरु, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments