

रूडकी / देहरादून। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) का दो दिवसीय दीक्षांत समारोह 2026 शनिवार को संपन्न हो गया। समारोह के दूसरे दिन उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया।
दूसरे दिन कुल 1424 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें 903 स्नातकोत्तर, 518 पीएचडी और 3 एमएस बाय रिसर्च डिग्रियां शामिल हैं। इस वर्ष 518 पीएचडी डिग्रियां प्रदान की गईं, जो संस्थान के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक संख्या है।
समारोह में हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन छिताले मुख्य अतिथि और ऑयलमैक्स एनर्जी के संस्थापक डॉ. कपिल गर्ग सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए।
आईआईटी रुड़की ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के तहत डॉक्टोरल कार्यक्रम से बाहर होने वाले छात्रों को पहली बार एमएस बाय रिसर्च की डिग्री भी प्रदान की। डिग्री प्राप्त करने वालों में स्नातकोत्तर श्रेणी में 702 छात्र और 201 छात्राएं, जबकि पीएचडी श्रेणी में 346 छात्र और 172 छात्राएं शामिल रहीं।
बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन एडवोकेट हरीश साल्वे ने कहा कि स्नातकोत्तर और डॉक्टोरल छात्रों की उपलब्धियां जिज्ञासा और शोध की भावना का प्रतिनिधित्व करती हैं। निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि 518 पीएचडी में 172 महिला शोधार्थियों का शामिल होना संस्थान के मजबूत शोध तंत्र को दर्शाता है।
मुख्य अतिथि हर्षवर्धन छिताले ने कहा कि तकनीक और उद्योग तेजी से बदल रहे हैं, ऐसे में लगातार सीखने और नवाचार की क्षमता अगली पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण होगी।
समारोह में कुल 71 पुरस्कार और 33 पदक प्रदान किए गए। पीजी और पीएचडी स्तर पर डॉ. सुशील शर्मा एक्सीलेंस अवॉर्ड शिवानी चौधरी, विद्यासागर तुम्माकुरी सहित कई शोधार्थियों को मिला।
दो दिवसीय समारोह में इस वर्ष संस्थान ने कुल 2701 डिग्रियां प्रदान की हैं, जिनमें 1277 स्नातक, 903 स्नातकोत्तर, 518 पीएचडी और 3 एमएस बाय रिसर्च शामिल हैं।

Recent Comments