आईओएल स्पोर्ट्स मीट–2025: क्रिकेट व हॉकी में ओएलएफ का दबदबा, दोनों खिताब किए अपने नाम

देहरादून। आईओएल स्पोर्ट्स मीट–2025 के तहत आयोजित क्रिकेट एवं हॉकी प्रतियोगिताओं ने कर्मचारियों और दर्शकों में खेल भावना का नया उत्साह भर दिया। तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट 21 से 23 दिसंबर तक खेला गया, जिसमें ऑर्डिनेंस लेदर फैक्ट्री (ओएलएफ), ऑर्डिनेंस फैक्ट्री देहरादून (ओएफडी), ऑर्डिनेंस केबल फैक्ट्री चंडीगढ़ और आईओएल मुख्यालय की टीमों ने शिरकत कर शानदार प्रदर्शन किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ 21 दिसंबर को आईओएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तुषार त्रिपाठी ने किया। मुकाबले राउंड रॉबिन लीग प्रणाली पर आयोजित हुए, जिसके आधार पर शीर्ष दो टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। खिताबी भिड़ंत में ओएलएफ ने कड़े संघर्ष में ऑर्डिनेंस केबल फैक्ट्री चंडीगढ़ को चार विकेट से मात देकर प्रथम अंतर निर्माणी आईओएल क्रिकेट प्रतियोगिता का ताज अपने सिर सजाया।
हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में खेला गया, जहां ओएलएफ और ओएफडी की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में भी ओएलएफ ने शानदार खेल का परिचय देते हुए ओएफडी को 3–1 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
दोनों प्रतियोगिताओं के समापन पर 23 दिसंबर को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सीएमडी तुषार त्रिपाठी ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पारितोषिक प्रदान किए। इस अवसर पर आईओएल की मानव संसाधन निदेशक शर्मिष्ठा कौल शर्मा, निदेशक (वित्त) विशाल गर्ग, ओएलएफ के मुख्य महाप्रबंधक हरीश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ओएफडी, ओएलएफ, केबल फैक्ट्री चंडीगढ़ और आईओएल मुख्यालय के खेल अधिकारी, आयुध निर्माणी देहरादून व ओएलएफ देहरादून की कार्य समितियों के सदस्य, जेसीएम चतुर्थ, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी भी उपस्थित रहे। रोमांचक क्रिकेट फाइनल ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
अपने संबोधन में सीएमडी तुषार त्रिपाठी ने भविष्य में और अधिक व्यापक स्तर पर खेल आयोजनों के आयोजन का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों के उन्नयन के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही उन्होंने आईओएल को रक्षा उत्पादन क्षेत्र का अग्रणी संस्थान बताते हुए कहा कि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करते हुए संस्थान नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
आईओएल स्पोर्ट्स मीट–2025 के अगले चरण में फुटबॉल, कबड्डी एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments