रायपुर में घर से 10 लाख की ज्वैलरी चोरी का खुलासा, महिला गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में घर से लाखों रुपये कीमत की सोने-चांदी की ज्वैलरी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये कीमत की चोरी की गई ज्वैलरी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को गुरु विहार, नेहरूग्राम निवासी नीलम पंत ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्वाती शर्मा नाम की महिला ने उनके घर से सोने और चांदी की ज्वैलरी चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी स्वाती शर्मा (36) पत्नी संजीव शर्मा, निवासी रीठा मंडी, देहरादून को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने घर से ज्वैलरी चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शिकायतकर्ता महिला को करीब तीन माह से जानती थी और इस दौरान उसके घर तीन-चार बार आ-जा चुकी थी। घटना के दिन वह फिर उसके घर पहुंची। घर का दरवाजा खुला देखकर उसने मौका पाकर ज्वैलरी चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद कर ली।

बरामद सामान में एक हार, एक मांग टीका, दो कान के झुमके, एक टॉप्स, एक अंगूठी और एक नथ शामिल हैं। पुलिस ने बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में व0उ0नि0 भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक कैलाश चंद, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पंवार और महिला हेड कांस्टेबल दमयन्ती शामिल रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments