

डायवर्जन प्लान, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा, बैठक के बाद अधिकारियों ने किया मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण
देहरादून । आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित एवं सकुशल रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस ने अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की। यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं मेले के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए यह बैठक ट्रांजिट कैम्प, ऋषिकेश में की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात/अपराध, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मुख्य नगर आयुक्त ऋषिकेश, उपजिलाधिकारी ऋषिकेश तथा पीडब्ल्यूडी, जल संस्थान, विद्युत विभाग, नगर निगम एवं फायर सर्विस ऋषिकेश के अधिकारियों ने प्रतिभाग करते हुए मेले को सकुशल संपन्न कराने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस दौरान कांवड़ यात्रा मार्गों पर यातायात संचालन, डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संस्थान, अग्निशमन तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक यातायात/ग्रामीण व अन्य उपस्थित अधिकारियों ने कांवड़ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Recent Comments