

कांवड़ यात्रा में आस्था से कोई समझौता नहीं: डीएम, 4 जोन-13 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र
देहरादून। 30 जुलाई से शुरू होने वाले ऐतिहासिक *‘कांवड़ मेला-2026’* की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी संबंधित विभागों के साथ हाई-लेवल बैठक कर सख्त निर्देश दिए कि मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं *25 जुलाई* तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुसार इस बार कांवड़ मेला दिव्य और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा और श्रद्धालुओं की आस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।
प्रशासन के अनुसार कांवड़ मेला *30 जुलाई से 11 अगस्त* तक चलेगा। *31 जुलाई से 4 अगस्त* तक पीक अवधि रहेगी, जबकि *8 अगस्त से 11 अगस्त* तक डाक कांवड़ का संचालन होगा। 11 अगस्त को शिवालयों में पवित्र जलाभिषेक के साथ मेला संपन्न होगा।
सुरक्षा के लिहाज से पूरे कांवड़ मार्ग को *4 जोन और 13 सेक्टरों* में बांटा गया है। परिवहन विभाग को सीमाओं पर वाहनों की चेकिंग और ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने ऋषिकेश नगर निगम को यात्रा मार्ग पर मांस-मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध और फर्जी नाम से चल रहे होटलों-ढाबों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। पर्यटन विभाग को सभी होटल व ढाबा संचालकों का अनिवार्य सत्यापन करने के आदेश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को सड़कों के पैचवर्क, गड्ढे भरने, पुलों की रेलिंग ठीक करने के साथ ही पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को गंगा घाटों पर सुरक्षा चेन और सफाई की व्यवस्था, जबकि नगर निगम को फॉगिंग और दवाओं का छिड़काव कराने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा और पूर्ति विभाग को होटलों-ढाबों में नियमित जांच और सभी दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए गए। ओवररेटिंग करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और जीवन रक्षक उपकरण तैनात करने को कहा गया। विद्युत विभाग ढीले तार हटाएगा और जल संस्थान पेयजल व शौचालयों में पानी की व्यवस्था देखेगा। वन विभाग को जंगली जानवरों से सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि वह केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि खुद स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी जया बलूनी, एडीएम स्मृता परमार, सीएमओ डॉ. एमके शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments