
सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज, पुलिस आचरण की जांच डीआईजी को सौंपी
देहरादून। जनपद चमोली के कर्णप्रयाग में 16 जून को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुई मारपीट की घटना में पुलिस मुख्यालय ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। आईजी गढ़वाल रेंज की संस्तुति पर घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत के आधार पर 20 जून को थाना कर्णप्रयाग में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
मामले की पारदर्शी एवं स्वतंत्र विवेचना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना कर्णप्रयाग में पंजीकृत दोनों अभियोगों की जांच चमोली जनपद से हरिद्वार जनपद को स्थानांतरित कर दी गई है। अब यह विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निकट पर्यवेक्षण में संपादित की जाएगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न सिख संगठनों द्वारा स्थानीय पुलिस के कथित आचरण एवं व्यवहार को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच डीआईजी यशवंत सिंह को सौंपी गई है, जिन्हें दो सप्ताह में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का पूर्ण सम्मान करती है और प्रत्येक मामले में कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी पवित्र यात्रा है और इसे सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Recent Comments