
देहरादून। कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प को भाजपा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी पक्षों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं को यात्रा नियमावली और कानून व्यवस्था का पालन करने की नसीहत दी।
भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति “अतिथि देवो भव:” की है और हर श्रद्धालु का सम्मान किया जाता है, लेकिन कानून से खिलवाड़ कतई सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान गाइडलाइन और प्रशासनिक नियमों का पूरा पालन करने का आग्रह किया। साथ ही स्थानीय लोगों और यात्रियों दोनों से शालीनता बनाए रखने की अपील की।
विपक्ष द्वारा घटना पर बयानबाजी को लेकर भट्ट ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति न करें और अफवाहें फैलाने से बचें। भट्ट ने कहा कि प्रदेश की छवि खराब करने की कोशिश किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments