
चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद, दो आरोपी पहले भी जा चुकी हैं जेल
देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली तीन शातिर महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया लगभग 60 हजार रुपये कीमत का चांदी का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार महिलाओं में दो आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को राजपुर रोड निवासी रविकांत पांडे ने कोतवाली नगर थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का दरवाजा तोड़कर चांदी का सामान चोरी कर ले गए। इस शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। सघन चेकिंग अभियान के दौरान 21 जून को यूनिवर्सल पेट्रोल पंप के पास मुखबिर की सूचना पर तीन महिला अभियुक्ताओं को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्ताओं ने बताया कि वे कूड़ा बीनने का काम करती हैं और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ताओं में गुड़िया और रीता देवी का पूर्व में भी चोरी के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं में सोनिया देवी (29 वर्ष), गुड़िया (20 वर्ष) और रीता देवी (29 वर्ष) शामिल हैं। तीनों खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून की निवासी हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनयता चौहान, उपनिरीक्षक ज्योति कन्याल, हेड कांस्टेबल हर्षवर्धन, कांस्टेबल धीरेन्द्र पतियाल, महिला कांस्टेबल गंगोत्री, महिला कांस्टेबल बिजली, कांस्टेबल नरेंद्र, कांस्टेबल लोकेन्द्र और कांस्टेबल सोनी शामिल रहे।

Recent Comments