देहरादून में गूंजेगी हंसी की फुहार — ‘डेरा कॉमेडी फेस्ट’ में जुटेंगे भारत के सुपरस्टार कॉमेडियंस

1 से 3 नवंबर तक आईएचएम, नींबूवाला में होगा आयोजन; मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे उद्घाटन

देहरादून। उत्तराखंड की रजत जयंती वर्ष की खुशियों के बीच राजधानी देहरादून अब देश के सबसे बड़े कॉमेडी उत्सव की मेजबानी करने जा रहा है। “डेरा कॉमेडी फेस्ट” नाम से आयोजित यह तीन दिवसीय भव्य आयोजन 1 से 3 नवंबर 2025 तक आईएचएम, नींबूवाला में होगा। इस उत्सव में भारतीय कॉमेडी जगत के सुपरस्टार अपनी हंसी और व्यंग्य से दूनवासियों को ठहाकों से सराबोर करने आ रहे हैं।

इस हास्य महोत्सव की सबसे बड़ी खासियत यह है कि मशहूर ‘द कपिल शर्मा शो’ की टीम पहली बार एक ही मंच पर साथ नज़र आएगी। सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, राजीव ठाकुर और परीतोष त्रिपाठी जैसे लोकप्रिय चेहरे अपने यादगार एक्ट्स से दर्शकों को लोटपोट करने के लिए तैयार हैं।आयोजक भरत कुकरेती ने बताया कि इस फेस्टिवल में कॉमेडी के कई दिग्गज कलाकार भाग लेंगे —

आयोजक भरत कुकरेती ने बताया कि इस फेस्टिवल में कॉमेडी के कई दिग्गज कलाकार भाग लेंगे —

सुनील ग्रोवर, जो अमिताभ बच्चन, गुलज़ार और कपिल देव जैसी हस्तियों की नकल के लिए प्रसिद्ध हैं, अपनी चिर-परिचित अदायगी से मंच पर जादू बिखेरेंगे।

ज़ाकिर ख़ान, जो हाल ही में न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में परफॉर्म कर सुर्खियों में रहे, अपने तीखे लेकिन सहज हास्य से दर्शकों को लुभाएंगे।

कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा अपने प्रसिद्ध ‘धरम-सनी’ एक्ट्स से हंसी का सैलाब बहाएंगे।

गोपाल दत्त अपने म्यूज़िकल कॉमेडी शो के साथ एक अलग अंदाज़ में नज़र आएंगे।

चिंकी-मिंकी (जुड़वाँ बहनें) अपनी संवादात्मक शैली से मंच पर मस्ती का रंग भरेंगी, जबकि राजीव ठाकुर अपने चुटीले वन-लाइनर्स से दर्शकों को गुदगुदाएंगे।

परीतोष त्रिपाठी हास्य कविताओं और मज़ेदार एक्ट्स से दर्शकों को ठहाकों में डुबो देंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के प्रतिष्ठित फिल्म और टेलीविज़न कलाकारों — सुधांशु पांडे, शिवांगी जोशी, वरुण बडोला, हेमानी शिवपुरी, बृजेंद्र काला, श्रुति पंवार, अंजलि तत्रारी, स्वाति सेमवाल, अभिलाष थपलियाल, प्रियांशु पैन्यूली, सुनीता राजवार और हेमंत पांडे — को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

आयोजक भरत कुकरेती, जो कॉमेडी सर्कस, कॉमेडी नाइट्स विद कपिल और द कपिल शर्मा शो जैसे हिट कार्यक्रमों के लेखक-निर्देशक रह चुके हैं, ने कहा कि “डेरा कॉमेडी फेस्ट” का उद्देश्य उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी देहरादून को एक नई पहचान देना है — जहाँ पर्वतीय सौंदर्य के साथ हंसी का उत्सव भी गूंजे।

इस आयोजन के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी आशुतोष मिश्रा और अविनाश मिश्रा की अनुभवी टीम के पास है, जिन्होंने राज्य में कई बड़े सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया है।

पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजक भरत कुकरेती के साथ कॉमेडियन परीतोष त्रिपाठी, गुरपाल सिंह और सुविधा स्टोर के मालिक अनिल गुप्ता भी उपस्थित रहे।

तीन दिनों तक चलने वाला यह कॉमेडी फेस्ट न केवल देहरादून, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए एक यादगार आयोजन साबित होगा। डेरा कॉमेडी फेस्ट का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि राज्य की रजत जयंती के अवसर पर उत्तराखंड को राष्ट्रीय सांस्कृतिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाना है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments