11 जुलाई से देहरादून में लोक संवर्धन पर्व, 160 स्टॉल पर मिलेगी देशभर की कला और स्वाद

देहरादून। समावेशी विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड की राजधानी में 11 जुलाई से पांच दिवसीय राष्ट्रीय ‘लोक संवर्धन पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ‘प्रधानमंत्री विकास योजना’ के तहत यह उत्तर क्षेत्रीय आयोजन 11 से 15 जुलाई तक परेड ग्राउंड में होगा। उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के तत्वाधान में होने वाले इस राष्ट्रीय श्रृंखला के छठे इवेंट का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास करेंगे।

इस मेले में उत्तराखंड सहित देशभर के अल्पसंख्यक कारीगर अपने स्वदेशी और पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगे। इससे पहले इसका आयोजन दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और कोच्चि में हो चुका है। पहली बार यह पर्व उत्तराखंड में आयोजित हो रहा है।

तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मानसून को देखते हुए वॉटरप्रूफ टेंट, जल निकासी, फायर क्लीयरेंस और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से ‘बायर-सेलर मीट’ और एनजीओ की भागीदारी, निर्बाध बिजली-पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और फॉगिंग के निर्देश भी दिए। पुलिस को यातायात और सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पर्व में कुल 160 स्टॉल लगेंगे। इनमें 130 स्टॉल कारीगरों और 30 स्टॉल फूड कोर्ट के लिए होंगे। स्थानीय हुनर को बढ़ावा देने के लिए 40% स्टॉल उत्तराखंड के कारीगरों के लिए आरक्षित हैं। महिला, युवा, पहली बार भाग ले रहे कारीगर, लुप्त हो रही कलाओं के जानकार और 6 अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदायों – मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध, जैन व पारसी – के लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित कारीगरों को स्टॉल निःशुल्क दिए जाएंगे।

यह पर्व रोजाना सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। आकर्षण बढ़ाने के लिए हर दिन भव्य सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित होगी, जिसमें देशभर के कलाकार लोक कला प्रस्तुत करेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चन्द्र तिवारी, सीओ जगदीश चन्द्र पंत, महाप्रबंधक डॉ. शाहिद सिद्दीकी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments