

देहरादून/ मसूरी। मसूरी में रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से बातचीत में हल्द्वानी रामलीला मैदान शुद्धिकरण विवाद पर खुलकर राय रखी। उन्होंने इस कार्रवाई को उचित बताते हुए कहा कि आयोजन स्थल की मर्यादा से जुड़े मामले में सफाई कराए जाने में कोई बुराई नहीं है।
“मैदान की मर्यादा भंग हुई, सफाई में गलत क्या”
भट्ट के मुताबिक, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जिस रामलीला मैदान में रैली हुई थी, वहां रैली के दौरान माहौल और नारेबाजी मैदान की गरिमा के विपरीत रही। उनका कहना था कि इसके बाद यदि स्थल का शुद्धिकरण कराया गया तो इसे विवाद का विषय बनाना उचित नहीं।
दलित राजनीति के आरोप को बताया निराधार
भट्ट ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को जानबूझकर अनुसूचित जाति से जोड़कर पेश कर रही है, जिससे असल में खुद खड़गे की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस खड़गे के नाम पर जो राजनीति कर रही है, उसकी हकीकत खुद खड़गे भी समझते होंगे।

“सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश”
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा या कार्यक्रम नहीं बचा, इसलिए वह ऐसे विषय उछाल रही है जिनसे समाज में तनाव पैदा हो। उनका कहना था कि धार्मिक या सांस्कृतिक स्थल की स्वच्छता जैसे विषयों को राजनीतिक रंग देकर समाज को बांटने का काम नहीं होना चाहिए।
पृष्ठभूमि: क्या था पूरा मामला
गौरतलब है कि खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान से कांग्रेस रैली को संबोधित किया था। इसके बाद ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ नामक संगठन ने 10 अगस्त को हवन कर मैदान का शुद्धिकरण करने का दावा किया, यह आरोप लगाते हुए कि रैली मंच से हिंदू धर्म विरोधी नारे और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। संगठन का कहना था कि यह मैदान धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आरक्षित है।


यह मामला इतना तूल पकड़ गया कि खड़गे ने इसे संसद के राज्यसभा सत्र में भी उठाया, जिसके जवाब में जेपी नड्डा को सदन में स्पष्टीकरण देना पड़ा था। कांग्रेस ने इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया था, हालांकि भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए शुद्धिकरण करने वाले संगठन से कोई संबंध होने से इनकार किया था।
टिकट वितरण पर भी बोले भट्ट
आगामी चुनाव में टिकट वितरण से जुड़े सवाल पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह फैसला पार्टी संगठन और नेतृत्व स्तर पर प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा। भट्ट देहरादून जिले के मसूरी में रक्षाबंधन समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे।

Recent Comments