

स्वीकृत मानचित्र के खिलाफ निर्माण बर्दाश्त नहीं, एमडीडीए ने दी सख्त चेतावनी
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए मंगलवार को विधौली और रानीपोखरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने स्वीकृत मानचित्रों के उल्लंघन और बिना अनुमति किए जा रहे पांच बहुमंजिला निर्माणों को सील कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों और निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। एमडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृति या स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधौली में 4 निर्माण सील
32 बिघा, विधौली में राजू छावड़ा द्वारा स्वीकृति के विपरीत किए जा रहे दो बहुमंजिला निर्माण सील किए गए। स्नेहा लता/जैन द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण पर भी सीलिंग हुई। पोस्ट ऑफिस रोड, विधौली स्थित यूपीईएस के पास राजू द्वारा किए जा रहे बहुमंजिला निर्माण को भी नियम उल्लंघन पर सील किया गया। वहीं वॉक-इन, विधौली में प्रिन्स द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण को भी सील किया गया।
रानीपोखरी में कार्रवाई
रानीपोखरी के रखवाल गांव, पालि भोपुर में राजीव चोपड़ा द्वारा किए जा रहे निर्माण का निरीक्षण किया गया। निर्माण नियमानुसार न पाए जाने पर भवन को सील कर तत्काल काम रोकने के निर्देश दिए गए।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून के नियोजित विकास के लिए भवन निर्माण नियमों का पालन जरूरी है। प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भूमि या भवन में निवेश से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण की स्वीकृति जांच लें।
एमडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि नियमानुसार विकास को बढ़ावा देना है। अवैध निर्माण की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी ऐसे मामलों की जानकारी देने की अपील की गई।

Recent Comments