

ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। पकड़े गए तीनों आरोपी ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, नकदी और वाहन बरामद किया गया है।
एम्स सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस स्तर पर आगे की कार्रवाई जारी है।
इस घटना के बाद एम्स ऋषिकेश प्रशासन ने युवाओं और नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी बिचौलिए या एजेंट के झांसे में न आएं।
संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलोय मोहंती ने कहा कि एम्स ऋषिकेश और संस्थान के सेटेलाइट सेंटर एम्स किच्छा में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं योग्यता आधारित होती है। उन्होंने बताया कि संस्थान में भर्ती से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं एम्स की वेबसाइट पर ही उपलब्ध कराई जाती हैं।
डॉ. मोहंती ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नियुक्ति पत्र दिलाने अथवा नौकरी लगाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो अभ्यर्थी को इसकी सूचना तत्काल एम्स प्रशासन अथवा पुलिस को देनी चाहिए।
एम्स प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और भर्ती से जुड़ी जानकारी केवल संस्थान के आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें।

Recent Comments