

देहरादून, 17 सितंबर 2026: मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन ने अपने प्रमुख कार्यक्रम मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप के चौथे संस्करण का ऐलान किया है। इस साल फाउंडेशन ने बड़ी बढ़ोतरी करते हुए स्कॉलरशिप की संख्या 100 से बढ़ाकर 250 कर दी है। इसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने में मदद करना है।
यह स्कॉलरशिप उन छात्रों को मिलेगी जिन्होंने NEET क्वालीफाई किया है और शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नागपुर, लखनऊ, मोहाली, देहरादून, बठिंडा और भुवनेश्वर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS में दाखिला लिया है।
फाउंडेशन की चेयरपर्सन तरुणा सोई ने कहा, “आर्थिक तंगी अक्सर प्रतिभाशाली छात्रों को डॉक्टर बनने से रोक देती है। पिछले तीन वर्षों में हमने 245 छात्रों की मदद की है। इस साल 250 नए छात्रों को जोड़कर हम बिना आर्थिक बोझ के उन्हें डॉक्टर बनने का मौका दे रहे हैं।”
क्या मिलेगा स्कॉलरशिप में –
यह भारत की सबसे बड़ी मेडिकल स्कॉलरशिप में से एक है। चयनित छात्रों को 5 साल के MBBS कोर्स के दौरान ट्यूशन फीस, लैपटॉप, पाठ्यपुस्तकें, बोन सेट, डिसेक्शन किट, स्टेथोस्कोप, हर महीने खर्च के लिए आर्थिक मदद और मेंटरशिप दी जाएगी। फाउंडेशन पहले से चयनित दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष के छात्रों की मदद भी जारी रखेगा।
आवेदन प्रक्रिया –
पंजीकरण 16 सितंबर 2026 से शुरू हो गया है। छात्र 4 अक्टूबर 2026 तक http://www.maxhealthcarefoundation.org पर आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में आवेदन की जांच, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन होगा। चयन में सामाजिक-आर्थिक स्थिति और NEET रैंक को आधार बनाया जाएगा।

Recent Comments