उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल: डोबाल देहरादून के SSP, नवनीत सिंह संभालेंगे हरिद्वार, अजय सिंह को STF की कमान

देहरादून। प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। गुरुवार, 13 फरवरी को गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं, जिसमें देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे प्रमुख जनपदों में नई कमान सौंपी गई है।

शासन के आदेश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल को अब राजधानी देहरादून का एसएसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को विशेष कार्यबल (एसटीएफ) का नेतृत्व सौंपा गया है। एसटीएफ में तैनात नवनीत सिंह को हरिद्वार जिले का नया एसएसपी बनाकर भेजा गया है। चम्पावट के पुलिस अधीक्षक अजय गणपति कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ऊधमसिंह नगर के रूप में तैनाती दी गई है।

फेरबदल में खुफिया विभाग और सुरक्षा इकाइयों को भी नई अगुवाई मिली है। ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना बनाया गया है। अभिसूचना में तैनात प्रदीप कुमार राय को अब पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, एसडीआरएफ में तैनात पुलिस उपमहानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ के पद पर प्रोन्नत किया गया है। प्रहलाद नारायण मीणा को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सतर्कता मुख्यालय बनाया गया है।

प्रदेश के पर्वतीय जिलों में भी प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे को पिथौरागढ़ भेजा गया है। पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को चम्पावत का प्रभार सौंपा गया है। बागेश्वर के एसपी चन्द्रशेखर आर. घोडके को एसएसपी अल्मोड़ा बनाया गया है। अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पींचा को अब 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, अपराध एवं यातायात के क्षेत्र में भी कई अधिकारियों के स्थानांतरण हुए हैं। निहारिका तोमर (एसपी क्राइम/ट्रैफिक ऊधमसिंह नगर) को रुद्रप्रयाग का एसपी बनाया गया है, जबकि जितेन्द्र कुमार मेहरा (एसपी क्राइम हरिद्वार) को बागेश्वर भेजा गया है। जितेन्द्र चौधरी (एसपी हरिद्वार) को एसपी क्राइम/ट्रैफिक ऊधमसिंह नगर और निशा यादव (एसपी हरिद्वार) को एसपी क्राइम/ट्रैफिक हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीआईडी में तैनात मनोज ठाकुर (अपर एसपी) को कोटद्वार भेजा गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में हुई कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को और सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने घटनाओं के बाद की कार्रवाई के साथ-साथ पूर्व-निवारक रणनीति पर जोर दिया है।

इन तबादलों को पुलिस विभाग को और अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री का उद्देश्य मुखबिर तंत्र को मजबूत करना, अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आम जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ाना है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

यँहा देखें स्थानांतरण आदेश

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments