महापौर सौरभ थपलियाल व नगर आयुक्त आलोक पांडे के नेतृत्व में हरेला पर शुरू हुआ मेगा हरित अभियान

मिशन पोषण संकल्प के तहत लाखों सब्जी के पौधों के वितरण की शुरुआत

देहरादून। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम, देहरादून द्वारा “हरित देहरादून – स्वच्छ देहरादून” थीम के अंतर्गत वृहद पौधारोपण एवं पौध वितरण अभियान का शुभारम्भ नगर निगम परिसर में किया गया। इस दौरान मिशन पोषण संकल्प के तहत लाखों सब्जी के पौधों के वितरण की शुरुआत की गई।

हरेला पर्व के मौके पर गुरुवार को महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य का संकल्प है। प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का भी दायित्व निभाए, तो देहरादून को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा “मिशन पोषण संकल्प” के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पार्षदों के समन्वय से घर-घर जाकर सब्जियों के पौधों का वितरण प्रारम्भ कर दिया गया है। अभियान के अंतर्गत लगभग 4 से 5 लाख सब्जियों के पौधों का वितरण किया जाएगा, जिससे प्रत्येक परिवार को पोषणयुक्त किचन गार्डन विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा सके।

महापौर ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण एवं पौध वितरण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

नगर निगम द्वारा आगामी दिनों में विद्यालयों एवं आंगनबाड़ियों में सहजन के पौधों का रोपण, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, अतिक्रमण मुक्त भूमि एवं अन्य चिन्हित स्थानों पर वृहद पौधारोपण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत लगभग 70,000 फलदार, छायादार एवं चारा प्रजाति के पौधों का रोपण एवं वितरण किया जाएगा। लगाए गए पौधों की जीपीएस मैपिंग एवं ग्रीन रजिस्टर में पंजीकरण कर उनके संरक्षण एवं नियमित अनुश्रवण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

नगर निगम ने सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों एवं स्वयं सहायता समूहों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि “हरित देहरादून – स्वच्छ देहरादून” का लक्ष्य जनसहभागिता से ही साकार होगा। यह अभियान आगामी एक माह तक नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न चिन्हित स्थलों पर चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments