

नई टिहरी। सावन के चौथे सोमवार को नैनबाग तहसील के ग्राम पंचायत द्वारिकापुरी (भूटगांव) स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ कैबिनेट मंत्री खजान दास भी सोमवार को मंदिर पहुंचे। उन्होंने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और ढोल-बाजार के साथ शिव जागर का गायन किया।
क्षेत्र के श्रद्धालु हर वर्ष सावन माह में हरिद्वार से गंगाजल लाकर द्वारिकापुरी महादेव पर अर्पित करते हैं। मंत्री खजान दास ने कहा कि क्षेत्रवासियों की द्वारिकापुरी महादेव में गहरी आस्था है। उन्होंने बताया कि गंगाजल लेने गए श्रद्धालुओं का स्वागत उन्होंने गत दिवस देहरादून में किया था और सोमवार को स्वयं भी गंगाजल लेकर श्रद्धालुओं के साथ मंदिर पहुंचे।
मंदिर समिति के अध्यक्ष बचन सिंह ने कहा कि यह मंदिर पौराणिक है, जिसके कारण लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है। दूर दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। सावन का चौथा सोमवार होने के कारण दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत, रामदयाल शाह, डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, सुल्तान सिंह चौहान, संदीप राणा, श्याम सिंह चौहान, देशपाल पंवार, किशन चौहान, डॉ. जगमोहन चौहान, राजू चौहान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Recent Comments