रायपुर पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई चोरी की घटना, दो गिरफ्तार

नशे के आदी युवकों ने निर्माणाधीन साइट से चुराया था तार और सेनेटरी सामान, स्कूटी सहित माल बरामद

देहरादून। थाना रायपुर पुलिस ने एमडीडीए आमवाला स्थित “आल्यम” हाउसिंग परियोजना की निर्माणाधीन साइट पर हुई चोरी की घटना का महज दो दिन के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राकेश शर्मा ने 7 अगस्त को थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्तियों ने साइट से तार और सेनेटरी का सामान चोरी कर लिया है, जिस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए), 331(4) और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया था।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज से मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सुराग जुटाए, जिसके बाद 9 अगस्त को आईटी पार्क क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को चोरी के माल और घटना में इस्तेमाल स्कूटी संख्या यूके-07-एचएम-3044 के साथ आईटी पार्क रोड के पास से दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और नशे की आवश्यकता पूरी करने के लिए ही उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललित कुमार पुत्र स्व. संजय सिंह, निवासी ग्राम भरतपुर, थाना बड़ापुर, नगीना, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश), उम्र 24 वर्ष, और विक्रांत पुत्र चरण सिंह, निवासी ग्राम सलोनी, थाना मकबरा, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बंडल तार, सेनेटरी का सामान तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी (चौकी प्रभारी मयूर विहार), अपर उपनिरीक्षक सुनील रावत, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पंवार, कांस्टेबल मनोज और कांस्टेबल मुकेश कंडारी शामिल रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments