देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर संगठन की रणनीति और जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में एआईसीसी और पीसीसी सदस्यों सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने भाग लेते हुए बूथ स्तर पर संगठनात्मक मजबूती और जन-आंदोलन के नए प्रारूप पर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि “2027 सिर्फ एक चुनाव नहीं, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य का प्रश्न है।” उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक एकजुट होकर कार्य करें तो कोई ताकत प्रदेश में कांग्रेस की वापसी नहीं रोक सकती। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकार ने प्रदेश की उम्मीदों को तोड़ा है। कांग्रेस हर बूथ, हर गांव और हर घर तक पहुँच बनाएगी।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश के सहप्रभारी मनोज यादव, सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व काबिना मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, नवप्रभात, राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक सुमित हृदयेश, विक्रम नेगी, अनुपमा रावत, लखपत बुटोला समेत प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी और फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रेम बहुखंडी ने “मिशन 2027” के तहत पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए—सुरक्षित उत्तराखंड, आर्थिक-सामाजिक और पर्यावरणीय सुरक्षा, खुशहाल परिवार, स्वस्थ जीवन और सभी के लिए रोजगार व आय की गारंटी। इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की जनता बदलाव चाहती है। बेरोजगारी, महंगाई और उपेक्षा से त्रस्त लोग अब कांग्रेस से उम्मीद लगाए बैठे हैं। उन्होंने कहा, “हमें अपने संगठन को गाँव-गाँव, घर-घर तक पुनर्जीवित करना होगा।”

डॉ. हरक सिंह रावत ने बैठक में कहा कि 2027 के लिए कांग्रेस की रणनीति स्पष्ट है—मजबूत बूथ, सशक्त कार्यकर्ता और एकजुट नेतृत्व। यह सिर्फ चुनावी अभियान नहीं बल्कि जनता का आंदोलन होगा।
प्रदेश सहप्रभारी मनोज यादव ने कहा कि अनुशासन, संगठन और समन्वय कांग्रेस की ताकत है। पार्टी कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर नई ऊर्जा और दिशा देने की जरूरत है। वहीं सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस तभी जीतती है जब कार्यकर्ताओं में भरोसा और जज़्बा जीवित होता है, और आज की बैठक ने यह साबित किया है कि उत्तराखंड कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ मैदान में है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि जनता भाजपा की नाकामियों से त्रस्त है और 2027 में कांग्रेस को जनसमर्थन का नया उभार मिलेगा। पूर्व काबिना मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि पलायन उत्तराखंड की सबसे बड़ी पीड़ा है, और कांग्रेस इस दर्द को मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएगी।

पूर्व मंत्री नवप्रभात ने कहा कि कांग्रेस के पास अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन है, जिससे एक मजबूत, पारदर्शी और जनहितकारी विकल्प प्रदेश के सामने रखा जा सकेगा। बैठक का संचालन उपाध्यक्ष संगठन प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने किया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बैठक का समापन करते हुए कहा कि “2027 कांग्रेस का वर्ष होगा।”उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ से ब्लॉक तक हर स्तर पर जनता के भरोसे को फिर से जीतना ही कांग्रेस का सबसे बड़ा संकल्प है।

Recent Comments