सिमलना न्याय पंचायत में आयोजित हुआ बहुउद्देश्यीय शिविर

शिविर में 54 शिकायतें दर्ज, 128 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

पौड़ी। मुख्यमंत्री के निर्देशन पर जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड दुगड्डा की न्याय पंचायत सिमलना में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 54 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।वहीं 128 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 476 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने की। उन्होंने मौके पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत ग्रामीणों की समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान किया जा रहा है और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत नंदिता अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी विद्या दत्त रतूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments