देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के अंतर्गत मानचित्रक के पद पर चयनित 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति राज्य की कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि सभी अभ्यर्थी अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी, निष्ठा और लगन के साथ कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए उत्तराखंड में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने कहा कि इस कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद प्रदेश में अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। यह राज्य सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता और सुशासन का स्पष्ट प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कृषि क्षेत्र को अधिक सशक्त और लाभकारी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं मिलेट के उत्पादन और विपणन को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से आधुनिक तकनीकों के उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और फसल विविधीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राज्य में सेब, कीवी, बागवानी तथा औषधीय पौधों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य कृषि को लाभकारी बनाने के साथ-साथ युवाओं के लिए आकर्षक क्षेत्र के रूप में विकसित करना है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस क्षेत्र से जुड़ सकें।
कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सचिव कृषि एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव श्री आनंद श्रीवास्तव तथा कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments