
हरिद्वार। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT), नई दिल्ली के विशेषज्ञ सदस्य डॉ. अफरोज अहमद ने आज हरिद्वार का दौरा किया और यहां जिला पर्यावरण प्रबंधन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया और अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक उन्मूलन, सीवरेज प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और अवैध खनन पर प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
हरिद्वार पहुंचने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे ने पुष्पगुच्छ देकर डॉ. अफरोज अहमद का स्वागत किया। राज्य अतिथि गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हरिद्वार एक धर्मनगरी है, जहां कुंभ, कांवड़ जैसे बड़े आयोजन होते रहते हैं। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि गंगा को स्वच्छ और पवित्र बनाए रखने के लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए।
डॉ. अहमद ने कूड़ा निस्तारण और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के बेहतर प्रबंधन के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखने और नियमों का पालन न करने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डॉ. अहमद को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों और सुझावों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, डीएफओ स्वप्निल, एचआरडीए सचिव मनीष सिंह, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के आरओ राजेंद्र सिंह कठैत सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments