

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के तहत लगभग 58 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी होने से जनता और राजनीतिक दलों में जबर्दस्त खलबली मच गई है। इसे लेकर गढ़ी कैंट में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाताओं के साथ मिलकर मतदाता सूची के शुद्धिकरण में पूरी सजगता के साथ अपनी भूमिका निभाए।
बैठक में भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने कहा कि सरकार नोटिसों के जरिए जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने की साजिश रच रही है। जिलाध्यक्ष संजय किशोर और महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी ने कहा कि कार्यकर्ता और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) मिलकर सूझबूझ के साथ ‘मिशन मोड’ में काम करें ताकि कोई भी जायज मतदाता छूटने न पाए।
ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जोशी के संयोजन और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत खंडूड़ी के संचालन में आयोजित इस बैठक में प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मसूरी विधानसभा प्रभारी अमेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य गोविंद पुंडीर, सोनिया आनंद, अनिल बस्नेत, प्रदीप डोभाल, मनीष गोनियाल, अमित गुप्ता और भगवान सिंह थापा समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Recent Comments