
कांग्रेस का छात्रों की गूंज अभियान
9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ के साथ होगा अभियान का समापन, रिया थापा की मौत को बताया व्यवस्था की हत्या
देहरादून। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने बुधवार को देहरादून में प्रेस वार्ता आयोजित कर राष्ट्रव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान का शुभारंभ किया। राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के वक्तव्य के साथ शुरू हुई इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर पेपर लीक माफिया को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार ने NTA को पारदर्शिता के नाम पर छात्रों पर थोपा था, लेकिन आज यह संस्था करोड़ों छात्रों के लिए “National Trauma Agency” बन चुकी है। पिछले दस वर्षों में 89 से अधिक पेपर लीक और परीक्षा घोटाले सामने आए, जिनमें कम से कम 6.5 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए। इनमें 48 परीक्षाओं में रीटेस्ट हुआ और 22 परीक्षाएं आयोजन से पहले ही रद्द करनी पड़ीं। बावजूद इसके किसी बड़े सरगना या राजनीतिक संरक्षक पर कार्रवाई नहीं हुई — गिरफ्तार हुए तो केवल छोटे दलाल और मोहरे।
NEET UG 2026 पेपर लीक को कांग्रेस ने इस सड़ी व्यवस्था का सबसे बड़ा प्रमाण बताया। पार्टी ने कहा कि इस घोटाले के बाद देशभर में 20 से अधिक छात्रों ने आत्महत्या की, जिनमें देहरादून की रिया कुमारी थापा भी शामिल हैं। कांग्रेस ने यह भी याद दिलाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक मीडिया इंटरव्यू में स्वयं स्वीकार किया कि छात्रों की आत्महत्या के लिए वे जिम्मेदार हैं — फिर भी इस्तीफा नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस पूरे मुद्दे पर एक शब्द बोलना जरूरी नहीं समझा।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कोटा रैली का हवाला देते हुए कांग्रेस ने बताया कि देश का कुल शिक्षा बजट 1.4 लाख करोड़ है, जबकि अकेले 22 लाख NEET छात्रों का खर्च 1.32 लाख करोड़ तक पहुंच चुका है। टॉप-5 प्रतियोगी परीक्षाओं पर होने वाला खर्च सरकार के पूरे शिक्षा बजट से तीन गुना है। इस व्यवस्था से निकलने वाले प्रति 1000 युवाओं में से मात्र 12 को औपचारिक रोजगार मिल पाता है।

कांग्रेस ने तीन सूत्री मांग रखी — शिक्षा मंत्री का इस्तीफा और पेपर लीक माफिया से उनके संबंधों की जांच; NTA सहित पूरी परीक्षा व्यवस्था का ओवरहॉल; और वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती कैलेंडर की बाध्यकारी घोषणा। 40 दिवसीय “छात्रों की गूंज” अभियान 30 जून से 28 शहरों में पर्चा वितरण और नुक्कड़ बैठकों से शुरू होगा, 1 अगस्त को कलेक्टरेट घेराव होगा और 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ के साथ प्रथम चरण का समापन होगा। छात्र 9873036161 पर मिस्ड कॉल देकर या www.chhatronkigoonj.in पर पंजीकरण कर अभियान से जुड़ सकते हैं।
प्रेस वार्ता में उत्तराखंड चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, संचार विभाग के राष्ट्रीय सचिव वैभव वालिया, छात्रों की गूंज कार्यक्रम के संयोजक सुमित्तर भुल्लर ,प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी,महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुलेमान अंसारी,अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद जी, महानगर देहरादून के अध्यक्ष डॉ जसविंदर गोगी, महामंत्री संजय पालीवाल,गोदावरी थापली,प्रवक्ता अभिनव थापर,समन्वय एवं संचालन समिति की संयोजक इशिता सेडा मौजूद रहे।

Recent Comments