वृद्धावस्था पेंशन फर्जीवाड़ा : प्रदेश भर में चलाया जाए सघन अभियान – जन संघर्ष मोर्चा

विकासनगर, (देहरादून)। वृद्धावस्था पेंशन के बढ़ते फर्जीवाड़े को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार से प्रदेश भर में सघन अभियान चलाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि युवा लोग दस्तावेजों में उम्र बढ़ाकर अवैध रूप से पेंशन हड़प रहे हैं।

जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि देहरादून जनपद के एक गांव में फर्जी तरीके से उम्र अधिक दिखाकर वृद्धावस्था पेंशन लेने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर सरकार को पूरे प्रदेश में अभियान चलाना चाहिए।

नेगी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उन्हें आशंका है कि अकेले देहरादून जनपद में 1000 से अधिक ऐसे लोग हैं, जो मात्र 50 से 55 वर्ष की आयु में ही वृद्धावस्था पेंशन का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों में कुटरचित (जालसाजी) कर उम्र बढ़ाई जा रही है।

मोर्चा अध्यक्ष ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस फर्जीवाड़े में शामिल सभी स्तरों के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए जिनमें लाभार्थी (पेंशन लेने वाला), संस्तुति कर्ता (जनप्रतिनिधि/सरपंच/बीडीसी) दलाल और मिलीभगत वाले अधिकारी हो सकते हैं।

नेगी ने स्पष्ट कहा कि लाभार्थी और संस्तुति कर्ता दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अवैध रूप से ली गई पेंशन की वसूली की जाए। इसके साथ ही ऐसे नियम विरुद्ध काम करने वाले जनप्रतिनिधियों पर आजीवन चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।

नेगी ने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधि वोट बैंक बढ़ाने के चक्कर में नियम विरुद्ध काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार गंभीरता से अभियान चलाती है तो हजारों की संख्या में जालसाज सलाखों के पीछे होंगे। सरकार को सख्त निर्देश जारी करते हुए सभी फर्जी लाभार्थियों से रिकवरी भी सुनिश्चित करनी चाहिए।

इस मौके पर दिलबाग सिंह और प्रवीण शर्मा उर्फ पिन्नी भी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments