पुरानी रंजिश, शराब के ठेके पर गोलीबारी! रायपुर फायरिंग कांड का दून पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

बिजनौर की शादी में हुए विवाद का देहरादून में लिया बदला, दो युवक गोली लगने से घायल, एसएसपी की रणनीति से सक्रिय हुई पांच पुलिस टीमें

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने महज़ एक दिन के भीतर खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून की रणनीति और सतर्क निगरानी के चलते अपराधियों के हौसले पस्त होते नजर आए।

मामले के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे देहरादून के बंजारावाला राजेंद्र विहार निवासी दिवाकर खंडूड़ी अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। इसी दौरान 3-4 अज्ञात व्यक्ति दौड़ते हुए वहां पहुंचे और पिस्टल से दो फायर कर दिए। एक गोली नवीन राणा के कंधे पर तथा दूसरी गोली पास से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा नामक व्यक्ति के पैर पर जा लगी। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वादी की शिकायत पर थाना रायपुर में धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही पीड़ितों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाए। घायल कमेंद्र शर्मा से पूछताछ में बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई, जिनकी कमेंद्र से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसके बाद पुलिस टीमों को गैर-प्रांत सहित संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया, और 5 जुलाई को थानो रोड, सोंधा सरोली क्षेत्र से तीन अभियुक्तों — अरुण कुमार, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह — को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त अक्षय प्रधान का बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान घायल कमेंद्र शर्मा व उसके साथियों से विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते अभियुक्त गुड़गांव निवासी अक्षय नामक व्यक्ति को लगातार फोन कर धमकाते और गाली-गलौच करते थे। इसकी जानकारी मिलने पर वर्तमान में दीपनगर, देहरादून में रह रहा कमेंद्र शर्मा अपने साथियों के साथ अक्षय प्रधान व उसके साथियों को सबक सिखाने की नीयत से 6 नंबर पुलिया के पास पहुंचा, जहां दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और फायरिंग हो गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस अब मुख्य अभियुक्त अक्षय प्रधान सहित अन्य फरार साथियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अरुण कुमार उर्फ छोटू (27) निवासी आदर्श कॉलोनी रिंग रोड रायपुर, मूल निवासी बहुपुरा महलकी थाना कोतवाली बिजनौर, सन्नी कुमार (24) निवासी किद्दूवाला थाना रायपुर, मूल निवासी ग्राम रतूपुरा बिजनौर और आदर्श सिंह (19) निवासी शिमला बाइपास रोड, मूल निवासी मोजमपुर बिजनौर शामिल हैं।

इस कार्रवाई में थाना रायपुर से थानाध्यक्ष संजीत कुमार, नवीन जोशी, संजय रावत, दीपक पंवार सहित कांस्टेबल प्रेम, दीपप्रकाश, नितिन कंडारी व कमलेश, थाना नेहरू कॉलोनी से थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल, संदीप कुमार, धनीराम पुरोहित तथा एसओजी टीम से विनोद राणा, किरण कुमार व विपिन की अहम भूमिका रही।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments