
जनजातीय क्षेत्रों में लगाई गईं दो आधुनिक TrueNat मशीनें, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने जताया आभार
देहरादून। दूरस्थ पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) द्वारा जनपद देहरादून के चकराता और सहिया क्षेत्र के लिए दो आधुनिक TrueNat मशीनें प्रदान की गई हैं। इन मशीनों से बलगम जांच (TB जांच) अब स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगी जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लंबी दूरी की मुसीबत से मिलेगी मुक्ति
अब तक चकराता और सहिया के पर्वतीय एवं जनजातीय क्षेत्रों में TrueNat मशीन उपलब्ध न होने के कारण स्थानीय मरीजों को बलगम और TB की सटीक जांच के लिए लंबी दूरी तय करके उप जिला चिकित्सालय (SDH) विकास नगर जाना पड़ता था। यह यात्रा न केवल थकाऊ थी बल्कि आर्थिक रूप से भी बोझिल थी। अब इन मशीनों के स्थापित होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित और सटीक जांच की सुविधा मिल सकेगी।
सहिया CHC में पहली मशीन स्थापित, चकराता की भी मंजूरी
ONGC के सहयोग से आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सहिया में पहली TrueNat मशीन स्थापित करा दी गई है। इसके साथ ही ONGC द्वारा दूसरी मशीन की भी स्वीकृति मिल चुकी है जिसे शीघ्र ही CHC चकराता में स्थापित किया जाएगा। दोनों मशीनों के सुचारू रूप से कार्यशील होने के बाद क्षेत्र के TB रोगियों की शीघ्र पहचान हो सकेगी और उन्हें समय पर इलाज मिल सकेगा।
डॉ. वर्मा ने ONGC और स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन को दिया धन्यवाद
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने इस अवसर पर ONGC प्रबंधन का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन (रजि0) के अध्यक्ष सुन्दर खोलिया का भी धन्यवाद किया जिनके सहयोग से दोनों मशीनें प्राप्त हुई हैं। डॉ. वर्मा ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में मरीजों के हित में ONGC द्वारा यह मशीनें उपलब्ध कराना एक अत्यंत सराहनीय और जनहितैषी कदम है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से स्वास्थ्य विभाग को सुदूर क्षेत्रों में TB मुक्त भारत अभियान को और मजबूती से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला क्षय अधिकारी, ONGC के प्रबंधक, स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री सुन्दर खोलिया, कार्यक्रम संयोजक हरशुल धवन तथा टीबीएम प्रदीप कुमार सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Recent Comments