देहरादून । एसएसपी की सख्ती का असर दिखने लगा है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर बड़ी कार्यवाहियां अंजाम दी हैं। थाना राजपुर, कोतवाली पटेलनगर और अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर पुलिस ने लूटपाट, चोरी और फरार वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
राजपुर में पिटाई, लूट व वैंडलिज्म के दो आरोपी गिरफ्तार
थाना राजपुर में 6 मई को वादी पुष्कर चंद ने तहरीर दी कि साईं मंदिर के पास अनंत चौधरी और उसके साथियों ने उनके साथ गालीगलौज, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, उनके दो मोबाइल छीन लिए और कार में तोड़फोड़ की। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेजों के आधार पर 6 मई को ही काठ बंग्ला पुल के पास से दो अभियुक्तों—अनंत चौधरी (18) और मनप्रीत सिंह (19) को छीने गए दोनों मोबाइलों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पैसों के लेनदेन के विवाद के चलते उन्होंने पुष्कर चंद के साथ यह घटना को अंजाम दिया। दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
मोबाइल टावर चोरी का अनावरण, एक युवक गिरफ्तार
कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में रॉयल कमांड प्रोटेक्शन ग्रुप कंपनी के माजरा स्थित मोबाइल टावर से एलयूएस पार्ट्स और केबल चोरी होने का मामला भी पुलिस ने सुलझा लिया। 5 मई को मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एसएसपी के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 6 मई को सड़े मार्केट ग्राउंड आईएसबीटी के पास से अभियुक्त उस्मान (20) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो पावर केबल, अन्य केबल और एलसीयू पार्ट्स बरामद हुए। पूछताछ में उस्मान ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की आपूर्ति के लिए उसने यह चोरी की। वह केबलों को कबाड़ी को बेचने की फिराक में था, इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
16 वारंटियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फरार चल रहे गैर-जमानती वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत कुल 16 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दीपक थापा उर्फ रामरो, कश्मीर सिंह, नंदलाल, प्रमोद कुमार पाल, सत्यपाल सिंह, उमेश कुमार यादव, सनी नाहर, प्रमोद सिंह नकोटी, वीरेंद्र कुमार, मनीष नेगी, राहुल थापा, सुखलेडी, जय प्रकाश सजवाण, रुप सिंह उर्फ रुप सिंह गुसाई, सुनील कोठारी और जयप्रकाश शामिल हैं। सभी वारंटियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के इन तीनों बड़े एक्शन से शहर के अपराधियों और फरार वारंटियों में हड़कंप मच गया है। एसएसपी ने ऑपरेशन प्रहार को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Recent Comments