
देहरादून, । जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने धर्मपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस शराब परोसते हुए दो व्यक्तियों राम सिंह निवासी पिथौरागढ़ तथा चंद्र मोहन निवासी टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया। मौके से विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें और डिस्पोजल गिलास बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, कोतवाली रायवाला पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए पिछले दो दिनों में 22 लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद सभी का पुलिस अधिनियम के तहत चालान कर सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों को ‘मयखाना’ बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इसके अलावा थाना सेलाकुई क्षेत्र में प्रगति विहार में दो पक्षों के बीच सड़क पर मारपीट और हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कन्हैया लाल (38 वर्ष) और दीपक सिंह (42 वर्ष) को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। मामले में पूर्व विवाद से जुड़े प्रकरणों में भी मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।


Recent Comments