
देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने मंगलवार को नशा तस्करों और लुटेरों पर दोहरी कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान को धार देते हुए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 2 शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 2 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त किया। वहीं डालनवाला में हुई बाइक लूट का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
नेहरू कॉलोनी और ऋषिकेश में तस्कर धरे गए
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही चैकिंग के दौरान नेहरू कॉलोनी पुलिस ने 23 जून को केदारपुरम एमडीडीए क्षेत्र से मनोज रावत पुत्र प्रताप सिंह रावत निवासी उत्तरकाशी को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 741 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0-231/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खाण्ड गांव जाने वाले रास्ते पर स्कूटी संख्या यूके-14-ए-7186 सवार मनीष बिष्ट पुत्र कमल सिंह बिष्ट निवासी रानीपोखरी को रोका। चेकिंग में स्कूटी से 1 किलो 302 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0-249/2026 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया।

डालनवाला लूट: नशे के लिए की थी वारदात
23 जून को अंकित कुमार निवासी भंडारी बाग ने डालनवाला थाने में तहरीर दी कि 3 अज्ञात युवकों ने मारपीट कर उनकी बाइक यूके-07-एचके-1847 लूट ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 24 जून को चैकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक पर 3 युवक दिखे जो पुलिस को देख भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने कुलदीप पुत्र शंभू प्रसाद निवासी रायपुर और 2 विधि विवादित किशोरों को पकड़ लिया। कुलदीप के कब्जे से लूटी गई बाइक बरामद हुई। पूछताछ में कुलदीप ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए लूट की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों किशोरों को संरक्षण में ले लिया।

एसएसपी देहरादून ने कहा कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और स्ट्रीट क्राइम पर ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस टीम में उ.नि. मनोज सिंह रावत, कां. प्रवीण भंडारी और कां. विनय कुमार की अहम भूमिका रही।

Recent Comments