
देहरादून/किच्छा। उत्तराखंड को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52.46 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15.70 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई STF की एंटी नारकोटिक्स टीम ने किच्छा कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर सटीक दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरमुख सिंह (50 वर्ष) पुत्र सतनाम सिंह निवासी लालपुर, किच्छा (ऊधमसिंह नगर) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बहेड़ी क्षेत्र से सस्ते दामों में हेरोइन खरीदकर लालपुर, किच्छा और रुद्रपुर में ऊंची कीमत पर बेचता था। इससे क्षेत्र में नशे की सप्लाई का एक सक्रिय नेटवर्क होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल (UK06J5873) भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वह तस्करी में करता था। STF अब आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने बताया कि राज्य में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और युवाओं को नशे से बचाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में STF एंटी नारकोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरुप, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद के साथ किच्छा कोतवाली के SHO रवि सैनी, उपनिरीक्षक बसंत कुमार और हेड कांस्टेबल दीपक सिंह चौहान शामिल रहे।

Recent Comments