“ऑपरेशन प्रहार “: दून पुलिस का डबल वार, ऋषिकेश में तस्कर गिरफ्तार – पटेलनगर में नशा तस्कर को जेल भेजा

देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयाँ कर प्रदेश सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए।

पहली कार्रवाई ऋषिकेश में हुई, जहाँ कोतवाली पुलिस ने चैकिंग अभियान के दौरान कृष्णा नगर लेबर कॉलोनी तिराहे पर मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी में आरोपी परमजीत उर्फ रसगुल्ला (22 वर्ष) के बैग से 7.01 ग्राम स्मैक और 1 किलो 202 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4.30 लाख बताई गई। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा कि वह स्थानीय तस्कर से माल खरीदकर ऋषिकेश व आसपास के नशेड़ियों को ऊँचे दामों पर बेचने की फिराक में था। पुलिस ने अन्य तस्करों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी गिरफ्तारी की तैयारी चल रही है।

दूसरी बड़ी कार्रवाई पटेलनगर में हुई, जहाँ पुलिस ने पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत अभ्यस्त नशा तस्कर नितिन उर्फ नाटू (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर जिला कारागार सुद्धोवाला में तीन माह के लिए निरुद्ध किया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में 5 मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर बाईपास रोड स्थित एक ढाबे से दबिश देकर उसे पकड़ा गया। आरोपी कई बार जेल जा चुका है और लगातार नशा तस्करी में सक्रिय रहने पर उसके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस टीमें लगातार चैकिंग और सत्यापन अभियान चला रही हैं। ऋषिकेश टीम में उ०नि० अमित कुमार व का० गौरव यादव शामिल रहे, जबकि पटेलनगर टीम में उ०नि० प्रवीण पुण्डीर, हे०का० सुशील कुमार, का० प्रवीण कुमार और का० राहुल कुमार ने भूमिका निभाई।

इन दोनों कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि दून पुलिस ऑपरेशन प्रहार को पूरी ताकत से आगे बढ़ा रही है। यह अभियान न केवल नशा तस्करों की कमर तोड़ने का प्रयास है, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की ठोस पहल भी है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments