देहरादून।उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स ने एक बड़ा कामयाबी हासिल की है। रुद्रपुर के पार्षद प्रकाश सिंह धामी की पांच साल पुरानी हत्या के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुई। रिंकू मध्य प्रदेश के मुरैना का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आज तड़के सुबह खुफिया जानकारी मिली कि रिंकू रुद्रपुर के आसपास घूम रहा है। STF की टीम और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मिलकर इलाके में घेराबंदी कर दी। सटीक प्लानिंग से रिंकू को पकड़ लिया गया। अब उससे पूछताछ हो रही है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह हत्याकांड 12 अक्टूबर 2020 का है। सुबह करीब 9 बजे भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी को उनके घर के बाहर मारा गया। आई-10 कार में आए बदमाशों ने उन्हें बाहर बुलाया। बातचीत के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां सिर, गले और सीने में लगीं। पार्षद भागे लेकिन बदमाशों ने पीछा कर हत्या कर दी। पूरा वीडियो CCTV में कैद हो गया था।
पुलिस जांच में पता चला कि यह राजनीतिक दुश्मनी और इलाके पर कब्जे की लड़ाई थी। हत्या के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के शूटरों को 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई। कुल 7 आरोपी थे। इनमें से 6 पहले ही पकड़े जा चुके थे। गैंगस्टर एक्ट भी लगाया गया। रिंकू ही बचा था, जो अब पकड़ा गया।
रिंकू शर्मा उर्फ पंडित 32 साल का है। उसके पिता का नाम मुकेश शर्मा है। वह जग्गा का पुरा, थाना डिमनी, जिला मुरैना मध्य प्रदेश का रहने वाला है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी जैसे दर्जन भर मुकदमे हैं। वह पेशेवर अपराधी है।
STF टीम में निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल गोविंद बिष्ट समेत थे। रुद्रपुर पुलिस में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी और अन्य शामिल थे। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि फरार अपराधियों को पकड़ने का सिलसिला जारी रहेगा। STF द्वारा की गई इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी के बाद पार्षद के परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

Recent Comments