
उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली पुलिस ने विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले वांछित आरोपी को अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। आरोपी विदेश भागने की फिराक में था।
मार्च 2026 में एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि जसप्रीत सिंह निवासी बरनाला, पंजाब ने उसे विदेश भेजने और वीजा दिलाने का झांसा देकर 3.20 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान आरोपी को 35(3) बीएनएस का नोटिस भेजा गया, लेकिन वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा था। पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। विदेश भागने की आशंका पर उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कराया गया।
18 जून 2026 को आरोपी जसप्रीत सिंह विदेश जाने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा। लुक आउट नोटिस के आधार पर एयरपोर्ट सुरक्षा ने उसकी पहचान कर रोका और उत्तरकाशी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली उत्तरकाशी की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी: जसप्रीत सिंह पुत्र लखविंदर सिंह, निवासी गली नंबर-5, शेखा रोड, बरनाला, पंजाब, उम्र 22 वर्ष।
गिरफ्तारी टीम: उपनिरीक्षक विनोद पंवार, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह, कांस्टेबल कपिल कुमार।

Recent Comments