दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का फिर प्रदर्शन, थाली-चम्मच बजाकर मांगा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा

नई दिल्ली । नीट पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) आज फिर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। इसमें पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके भी शामिल हुए हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने चम्मच और थाली लेकर गो प्रधान गो के नारे लगाए। प्रदर्शन से पहले दिपके ने लोगों से चम्मच और थाली साथ लाने की अपील की थी।
दिपके मंच पर महात्मा गांधी और भीमराव अंबेडकर की फोटो लेकर पहुंचे। वहीं, मंच पर नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के पोस्टर लगाए गए हैं। दिपके ने लॉकडाउन के दौरान हुई थाली-चम्मच बजाने की घटना को याद किया। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, इससे वाइब्रेशन पैदा होते हैं जो कोरोनावायरस को… इसीलिए मेरे दोस्तों ने एक नया आविष्कार किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रणाली पर धर्मेंद्र प्रधान नाम का एक वायरस है।
दिपके ने बीते दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आत्महत्या करने वाले नीट छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की थी। उन्होंने प्रधान को पद से हटाने की मांग भी दोहराई थी। दिपके ने पत्र में कहा, हाल के हफ्तों में 11 छात्रों ने आत्महत्या की है, जिनमें से 5 मौतें पिछले 48 घंटों में हुई हैं। हालात और बिगड़ रहे हैं क्योंकि छात्र दोबारा परीक्षा को लेकर अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही तैनात पुलिसकर्मी पारदर्शिता बनाए रखने और कार्यवाही का रिकॉर्ड रखने के लिए लगभग 270 बॉडी-वर्न कैमरों का इस्तेमाल करेंगे। जंतर-मंतर और उससे जुड़ी सड़कों के चारों ओर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है और मुख्य एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर गाड़ियों की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस के वीडियोग्राफरों को भी तैनात किया गया है।
अमेरिका से लौटने के बाद दिपके ने सबसे पहले 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। इसके बाद सीजेपी अब तक दिल्ली, पुणे, लखनऊ, अमृतसर, हैदराबाद, बेंगलुरु, जयपुर और नागपुर में भी प्रदर्शन कर चुकी है। पार्टी की प्रमुख मांगों में प्रधान का इस्तीफा और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार जैसे कदम शामिल हैं। 15 जून को जयपुर में प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों ने दिपके को थप्पड़ मार दिए थे।
दिपके महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और उन्होंने पुणे से पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वे उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए। उन्होंने हाल ही में बोस्टन विश्वविद्यालय से जनसंपर्क में 2 वर्षीय स्नातकोत्तर डिग्री पूरी की है। 2020 से 2023 तक दिपके ने आम आदमी पार्टी के साथ काम किया, जहां वे सोशल मीडिया प्रबंधन और चुनाव अभियान गतिविधियों में शामिल थे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments