

हल्द्वानी। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से मंगलवार को हल्द्वानी में ज्वैलर्स के लिए हॉलमार्किंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक ज्वैलर्स ने भाग लिया। इस दौरान हॉलमार्किंग की नई व्यवस्थाओं, HUID और उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत बी. आडे तथा हॉलमार्किंग अधिकारी सचिन चौधरी ने ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग व्यवस्था में हुए नवीन बदलावों की जानकारी दी। उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री नवीन वर्मा, व्यापार मंडल के सचिव राजेश अग्रवाल और सर्राफा बाजार के अध्यक्ष हेम प्रकाश वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत बी. आडे ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए BIS Care ऐप में अब हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण की फोटो और वजन से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे ग्राहक अपने खरीदे गए आभूषण की जानकारी ऐप के माध्यम से सत्यापित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे आभूषणों की खरीद में पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं का भरोसा मजबूत होगा।

हॉलमार्किंग अधिकारी सचिन चौधरी ने बताया कि चांदी के हॉलमार्क वाले आभूषणों के लिए भी छह अंकों वाली HUID (Hallmark Unique Identification) व्यवस्था शुरू की गई है। ग्राहक HUID अंकित चांदी के आभूषण खरीदने के बाद BIS Care ऐप के माध्यम से उनकी प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं। HUID वाले हॉलमार्क चांदी के आभूषणों के लिए न्यूनतम शुद्धता 800 PPT निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हॉलमार्किंग व्यवस्था उपभोक्ताओं को आभूषण की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर अधिक भरोसा प्रदान करती है। BIS अधिकारियों ने ज्वैलर्स से निर्धारित मानकों और हॉलमार्किंग से संबंधित सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ज्वैलर्स को BIS Care ऐप के इस्तेमाल, HUID की उपयोगिता और हॉलमार्किंग की नवीनतम प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ज्वैलर्स से उपभोक्ताओं को प्रमाणित और हॉलमार्कयुक्त आभूषण खरीदने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।

Recent Comments