ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड में अभी से शुरू होगी प्रतिभाओं की तलाश

देहरादून । ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड से प्रतिभावान खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने खेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की पहचान से लेकर उनके वैज्ञानिक प्रशिक्षण तक की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और खेल प्रतिभाओं की क्षमता के अनुरूप ऐसे खेलों को चिन्हित किया जाए, जिनमें प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विभाग को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रतिभाओं की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर टैलेंट हंट आयोजित करने तथा खिलाड़ियों के चयन के लिए मजबूत और वैज्ञानिक प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया। प्रारंभिक चरण में 100 से 150 प्रतिभावान बच्चों को चिन्हित कर उनका प्रशिक्षण तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। चयनित खिलाड़ियों को कोचिंग, फिटनेस और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।

मुख्य सचिव ने स्कूल स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्कूलों में कार्यरत पीटीआई के प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास पर ध्यान देने को कहा, ताकि वे बच्चों की खेल प्रतिभा को बेहतर ढंग से पहचान सकें। साथ ही खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचों की क्षमता निर्माण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में वर्तमान प्रतिभावान खिलाड़ियों को अच्छे प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षित कर भविष्य के लिए कोच के रूप में तैयार करने पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि इससे आने वाले समय में प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने खिलाड़ियों के चिन्हीकरण, कोच की उपलब्धता और प्रशिक्षण शुरू करने की समयसीमा अभी से तय करने तथा प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओलंपिक-2036 को ध्यान में रखते हुए प्रतिभाओं की पहचान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें तैयार करने का काम समयबद्ध तरीके से किया जाना जरूरी है। बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव नमामि बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments