

पौड़ी गढ़वाल। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने 28 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन में पेयजल, सड़क, विद्युत आपूर्ति, भूमि मुआवजा और वन्य जीवों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिन पर अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बल्ली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को दो दिन के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मरम्मत होने तक टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। इसी तरह भिताईं मल्ली की ग्राम प्रधान मंजू नेगी द्वारा मार्ग में झाड़ियों की समस्या रखने पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही बुशकटर उपलब्ध करा दिया।
सतपुली-पैडुल मोटर मार्ग पर सड़क कटिंग का मुआवजा 10 वर्ष से लंबित होने की शिकायत पर आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को प्रकरण प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा। वाहन सरेंडर के बावजूद बकाया दर्शाए जाने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए। परिवहन कार्यालय परिसर में अनधिकृत एजेंटों पर भी कार्रवाई के आदेश दिए गए।

ग्राम कठूड़ में भालू की आवाजाही की शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम रौड़ में सड़क कटिंग से मंदिर की दीवार में दरार आने की शिकायत पर अगले सोमवार से पहले मरम्मत कराने को कहा गया। इसके अलावा तहसील मार्ग की खराब स्थिति, निराश्रित पशुओं की समस्या और शहर में खराब विद्युत लाइटों को ठीक करने के भी निर्देश दिए गए।
जनता दर्शन में पुरानी शिकायतों के निस्तारण का भी फॉलोअप सामने आया। पौड़ी गांव में खुले घूम रहे पालतू सूअरों से फसलों को नुकसान की शिकायत पर नगर पालिका ने तीन सूअर पालकों के विरुद्ध 5,000 रुपये का चालान किया। ग्राम पंचायत बड़कोट से खैरालिंग मंदिर मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग पर लोक निर्माण विभाग ने 4.25 किलोमीटर मार्ग के लिए 330.32 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि शिकायत का निस्तारण केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है। आयुक्त ने सभी विभागों को अपने स्तर पर नियमित जनसुनवाई और प्रभावी फॉलोअप करने को कहा।

इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments