

देहरादून। ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत उत्तराखण्ड में नशे की तस्करी पर बड़ा प्रहार करते हुए एस.टी.एफ. की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कुमाऊँ यूनिट ने टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वर्ष 2026 में राज्य की अब तक की सबसे बड़ी MDMA बरामदगी की है। आरोपियों के कब्जे से कुल 244.06 ग्राम MDMA जब्त हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान की कड़ी में पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.टी.एफ. ने राज्य को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ANTF को नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित कर प्रभावी कार्यवाही और राज्यभर में सतर्क निगरानी के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में कुमाऊँ यूनिट ने तकनीकी एवं निजी जानकारी विकसित कर सटीक सूचना प्राप्त की और कोतवाली टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुए रुद्रपुर निवासी इमरान, आशीष और अभिषेक नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 244.06 ग्राम MDMA के अलावा एक TVS मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
एस.टी.एफ. एंटी नारकोटिक्स यूनिट आरोपियों के आगे-पीछे के लिंकेज की गहन जांच कर रही है, जिससे मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। बरामदगी में निरीक्षक पावन स्वरूप, सी.आई. के नेतृत्व में एस.आई. विपिन जोशी, एस.आई. विनोद जोशी, एस.आई. जगदीप नेगी समेत एस.टी.एफ. व कोतवाली टनकपुर की टीम शामिल रही।

Recent Comments