
ऋषिकेश। केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून ने मंगलवार को ऋषिकेश में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत “लोक सेवा ही संकल्प- 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” विषय पर आधारित पुस्तिकाओं के अनावरण के साथ हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने लखपति दीदी, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे आमजन को सीधे लाभ मिला है। साथ ही ऑलवेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को उत्तराखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
रेल विकास निगम के डीजीएम ओमप्रकाश मालगुडी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी और यह अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत 16 सुरंगों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो पांच जिलों से होकर गुजरेंगी। परियोजना के दौरान प्रभावित गांवों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता भी दी गई है।

मुख्य भू-वैज्ञानिक विजय डंगवाल ने परियोजना के पर्यावरणीय पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए रेल लाइन का एलाइनमेंट तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि सुरंगों से निकलने वाले पानी को ‘अमृत सरोवर’ के रूप में विकसित कर जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के एचओडी (बिजनेस) रोहित बडोला ने पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना और अन्य वित्तीय योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने की बात कही। उन्होंने बताया that डिजिटल बैंकिंग के जरिए आमजन को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है, जिसमें शहरी क्षेत्रों में 7 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 35 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है।
पीआईबी देहरादून के मीडिया एवं संचार अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य मीडिया और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करना है, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं की सटीक जानकारी दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच सके। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों और पत्रकारों ने भाग लेते हुए विकासात्मक पत्रकारिता की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

Recent Comments