पीआईबी देहरादून में “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत पौधारोपण, अधिकारियों ने लिया हरित संकल्प

देहरादून। सूचना प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय, पीआईबी देहरादून में बुधवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में आम, चीकू और लीची के फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का उद्देश्य माँ के प्रति प्रेम और सम्मान को एक पौधे के रूप में व्यक्त करना है। साथ ही पेड़ों और “धरती माँ” की सुरक्षा की शपथ लेकर भूक्षरण रोकने और बंजर भूमि को पुनर्स्थापित करने का संदेश देना भी है।

मुख्य अतिथि आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक श्रीमती साक्षी सिंह ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का पावन प्रतीक है। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि इस शुभ अवसर पर हर व्यक्ति एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले। उन्होंने कहा, “प्रकृति और माँ का रिश्ता अटूट है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान हमारी जननी और पर्यावरण के प्रति असीम कृतज्ञता का प्रतीक है। हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण में सभी की सहभागिता जरूरी है।”

“एक पेड़ माँ के नाम” देशव्यापी अभियान 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू किया गया था। इसके तहत लोगों को अपनी माँ के नाम एक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने संस्थान, कार्यस्थल तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments