
लखनऊ 11 फरवरी (आरएनएस ) पुलिस कमिश्नरेट के जोन-पश्चिमी के माल थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी 2025 को एक व्यक्ति ने थाना माल में अपनी 17 वर्षीय बहन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस संबंध में थाना माल में मुकदमा संख्या 40/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।जांच के दौरान पुलिस ने 9 फरवरी को पीडि़ता को बरामद कर लिया। पूछताछ और फोटो मिलान के आधार पर पुष्टि होने पर युवती का बयान दर्ज किया गया, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए। बयान के आधार पर मामले में धारा 87/64(2)(ड) बीएनएस और 5एल/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। जांच में आरोपी की पहचान सुभाष कन्नौजिया (पुत्र सुरेश कन्नौजिया), निवासी ग्राम शेखनापुर, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ के रूप में हुई।इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए। 11 फरवरी 2025 को उपनिरीक्षक प्रिन्स कुमार और अमरपाल साहू अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर आरोपी सुभाष कन्नौजिया को देवरी भारत मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे समाज में इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

Recent Comments