तड़के दून में एनकाउंटर, राजस्थान के दो बदमाश गिरफ्तार ,एक के पैर में गोली

देहरादून। तड़के सुबह दून पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब नयागांव क्षेत्र में नाकेबंदी और सघन चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक संदिग्ध कार में सवार बदमाशों का पुलिस से सामना हो गया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने बैरियर तोड़ते हुए भागने की कोशिश की, जिसके बाद शुरू हुए पीछा और मुठभेड़ के घटनाक्रम में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसके पैर में गोली लगी है। 

पुलिस के अनुसार, नयागांव चौकी बैरियर पर चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने बैरियर पर टक्कर मार दी और वहां से सेलाकुई की ओर फरार हो गए। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू किया। बताया गया कि भागते हुए बदमाश कार से चांदनी चौक से भूरपुर की दिशा में पहुंचे और आगे रामगढ़ के रपटे के पास वाहन छोड़कर नदी की ओर भाग निकले। 

इसी दौरान भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी। दूसरे बदमाश को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मौके से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके तीन अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। 

मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को तुरंत उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया। बाद में चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। 

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाशों की पहचान रिंकू मीणा पुत्र सियाराम, निवासी ग्राम अखरोट, तहसील मण्डावर, थाना मण्डावर, जिला दौसा (राजस्थान), उम्र 30 वर्ष, तथा विनोद कुमार मीणा पुत्र रामलाल मीणा, निवासी ग्राम व पोस्ट झारेड़ा, तहसील हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान), उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। इनमें रिंकू मीणा मुठभेड़ में घायल हुआ, जिसके पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या सहित कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे अभियुक्त विनोद मीणा पर भी राजस्थान में कई गंभीर अपराध दर्ज बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल और चिकित्सालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक विवरण प्राप्त किया। 

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। 

पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास, नेटवर्क और फरार तीन अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। तड़के सुबह हुई इस कार्रवाई को दून पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। 

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments