रंगारंग कार्यक्रम में रंग जमाने से पहले ही प्रेमनगर पुलिस ने लगा दी रोक, 15 हजार की भीड़ में बिखर सकता था अमन

देहरादून। पुलिस ने समय रहते एक बड़ी कानून-व्यवस्था की समस्या को टाल दिया। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के अंतर्गत एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में आगामी 1-2 मई 2026 को एक भव्य रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित था, जिसमें 10 से 15 हजार दर्शकों के जुटने की संभावना थी। प्रेमनगर पुलिस ने मामले की भनक लगते ही त्वरित संज्ञान लेते हुए इस आयोजन को रद्द कराने में कामयाबी हासिल की है।

पुलिस द्वारा की गई विस्तृत जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। बीते माह इसी यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद के चलते हत्या जैसी हिंसक घटना घटित हो चुकी है, जिससे कानून-व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई थी।

जांच में यह भी पाया गया कि घटना के बाद से यूनिवर्सिटी परिसर का माहौल अभी भी सौहार्दपूर्ण नहीं है और छात्रों के बीच हत्याकांड को लेकर विवेचना जारी है। ऐसे संवेदनशील माहौल में भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम के आयोजन से किसी भी समय अप्रिय घटना घट सकती थी।

सभी पहलुओं पर गहन मंथन के बाद प्रेमनगर पुलिस ने फैसला लिया कि शांति और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन को आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा।

तत्काल प्रभाव से पुलिस ने यूनिवर्सिटी के उच्च अधिकारियों को औपचारिक नोटिस जारी कर कार्यक्रम को रद्द करने का निर्देश दिया है। पुलिस की इस सतर्कता ने बड़े पैमाने पर कानून व्यवस्था का पतन होने से रोक दिया और यूनिवर्सिटी में तनावपूर्ण स्थिति पैदा होने की आशंका को टाल दिया है।

प्रेमनगर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी, चाहे वह कितना भी बड़ा आयोजन क्यों न हो।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments