पीएम मोदी के देहरादून दौरे की तैयारी पूरी, 14 अप्रैल को एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, प्रशासन अलर्ट पर

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण को लेकर जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और सभी अधिकारियों को अंतिम क्षण तक सतर्क व समन्वित रहने के सख्त निर्देश दिए।

डीएम ने जोनल अधिकारियों को अपने अधीन सेक्टर व नोडल अधिकारियों को दायित्वों की पूर्ण जानकारी देने और स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, पेयजल समेत सभी विभागों को मूलभूत सुविधाओं के साथ सेफ्टी सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए। उन्होंने जोर दिया कि प्रोटोकॉल के अनुरूप आपसी समन्वय से दायित्वों का प्रभावी निर्वहन हो।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की व्यवस्थाओं के लिए डाइस प्लान, एनएचएआई के जरिए एक्सप्रेसवे लोकार्पण, एंकरिंग, साउंड सिस्टम, एलईडी व मिनट-टू-मिनट शेड्यूल पर पूरी तैयारी के निर्देश जारी हुए। ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन व प्रोटोकॉल सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। पंडाल में अतिथियों के लिए बैठने, जलपान, पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट व स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा आपात चिकित्सा सेवाओं व एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था पर बल दिया गया।

प्रोग्राम दिवस पर सभी अधिकारी समय से ड्यूटी पॉइंट पर उपस्थित रहें, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक भ्रमण मार्ग पर स्वागत कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, सुगमता व शांति व्यवस्था कायम रखने को कहा गया। जोलीग्रांट एयरपोर्ट व जीटीसी हेलीपैड की सुचारु व्यवस्थाओं पर भी फोकस रहा। पूरे मार्ग को 13 जोनों में बांटकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि पीएम सहारनपुर के गणेशपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे, जिसमें एशिया का सबसे लंबा 12 किमी ग्रीन कॉरिडोर शामिल है। देहरादून में विभिन्न स्थलों पर कार्यक्रम होंगे, जिसमें महिंद्रा ग्राउंड पर जनसभा भी प्रस्तावित है। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रेमेंद्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसपी लोक जीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह समेत एसडीएम सदर हरिगिरि, स्मृति परमार, अपूर्वा सिंह, कुमकम जोशी, विनोद कुमार व योगेश मेहरा उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments